Happy Holidays 2019 : Google ने Doodle बनाकर विश किया 'हैप्पी हॉलिडेज 2019'


 Happy Holidays 2019 : सर्च इंजन गूगल ने 24 दिसंबर के लिए खास डूडल 'हैप्पी हॉलिडे 2019' बनाया है। यूजर्स को साल के अंत में आने वाले त्योहारों को विश करने के लिए गूगल इस सप्ताह डूडल की एक सीरीज के साथ आ रहा है। अमेरिका में हॉलिडे सीजन की शुरुआत थैंक्सगिविंग से हो जाती है, जो नए साल के जश्न मनाने तक चलती है। इसे क्रिसमस सीजन भी कहा जाता है, जिसमें लोग छुट्टियां लेकर त्योहारों की तैयारी, खरीदारी और जश्न मनाते हैं।


बताते चलें कि गूगल अपने मेन पेज या होम पेज पर छुट्टियों, ऐतिहासिक घटनाओं, उपलब्धियों, दुनिया की जानी मानी शख्सियतों के जन्म दिन को याद करने के लिए खासतौर पर एक तस्वीर या एनीमेशन बनाता है। इस डूडल पर क्लिक करने पर उस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी मिलती है। और अब जबकि पूरी दुनिया 25 दिसंबर को जीजस क्राइस्ट के जन्म उत्सव के रूप में मनाने के लिए तैयार है, गूगल ने हैप्पी हॉलिडे डूडल बनाया है।


इस दिन दुनिया के अधिकांश देशों में एक दिन की छुट्टी होती है। वहीं, ईसाई देशों में क्रिश्चियन समुदाय के सबसे बड़े त्योहार को मनाने के लिए काफी पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं और स्कूल, कॉलेज, ऑफिस में करीब हफ्तेभर पहले ही छुट्टियां कर दी जाती हैं। बाजारों और सड़कों पर हर जगह क्रिसमस ट्री और सजावट दिखने लगती हैं।


24 दिसंबर को लोग ईस्टर ईव मनाते हैं और 25 दिसंबर को क्रिसमस की पार्टी करते हैं। 12 दिनों के इस त्योहार की शुरुआत 25 दिसंबर से होती है, जो पांच जनवरी तक चलता है। खासकर यूरोप में 12 दिनों तक मनाए जाने वाले इस फेस्टिवल को ट्वेल्थ नाईट के नाम से जाना जाता है।


अमेरिका में यह हॉलिडेज सीजन नवंबर के अंत से जनवरी की शुरुआत तक चलता है। इस हैप्पी हॉलिडे डूडल में एक क्रिसमस ट्री दिखाया गया है, जिसके चारों ओर सेंटा क्लॉज की सवारी घूम रही है। साथ ही इसमें लगातार बर्फबारी होती दिख रही है। इसे देखकर ही क्रिसमस वाली फीलिंग और जश्न का एहसास होने लगता है।


POSTED BY : RITESH SURYAWANSHI